नई दिल्ली, 27 अगस्त।
ओडिशा के बोंडा शाखा डाकघर में बचत जमा से जुड़े धोखाधड़ी और गबन मामले में फरार चल रही तत्कालीन शाखा डाकपाल शब्दा स्वैन को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार कर लिया है। सीबीआई ने उसे गुरुवार को ओडिशा के बरगढ़ से पकड़ा।
सीबीआई के अनुसार, शब्दा स्वैन वर्ष 2008 से 2014 तक बोंडा डाकघर में शाखा डाकपाल के पद पर कार्यरत थी। आरोप है कि इस दौरान उसने जमाकर्ताओं से प्राप्त 13 लाख 98 हजार 232 रुपये की राशि का गबन किया।
जांच एजेंसी ने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर जमा राशि को सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया और पासबुक में फर्जी प्रविष्टियां कर जमाकर्ताओं को भ्रमित किया। इस मामले में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा भुवनेश्वर में प्रकरण दर्ज किया गया था।
सीबीआई ने जांच पूरी करने के बाद वर्ष 2015 में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ाई थी। अदालत ने 31 दिसंबर 2015 को उसके खिलाफ आरोप तय किए थे। इसके बाद से शब्दा स्वैन फरार चल रही थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए वर्ष 2022 में गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया था।
सीबीआई के मुताबिक, फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी थी। इसी दौरान उसके बरगढ़ में मौजूद होने की सूचना मिली। बताया गया कि वह एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए बरगढ़ पहुंची थी, जहां सीबीआई टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई आरोपी को भुवनेश्वर की सक्षम अदालत में पेश कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।















