नई दिल्ली, 27 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पार्टी के नवनियुक्त महासचिवों के साथ पहली बैठक की और चुनावी राज्यों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर जोर दिया।
भाजपा केंद्रीय मुख्यालय में आयोजित बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्यों में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को बेहतर दिशा देने को लेकर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, सतीश पूनिया, विनोद तावड़े, स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी के साथ केंद्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग भी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी ने भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया। इसके बाद पार्टी की आगामी योजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा हुई।
बैठक के बाद नितिन नवीन ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि नवनियुक्त महासचिवों के साथ संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन की तैयारियों और आगे की रणनीति पर मंथन किया गया।
उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के लिए संगठन को और मजबूत बनाने तथा प्रभावी चुनावी रोडमैप तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।















