सिलीगुड़ी, 27 अगस्त।
करीब डेढ़ महीने तक बंद रहने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-10 के रास्ते सिक्किम और सिलीगुड़ी क्षेत्र के बीच सड़क संपर्क फिर से शुरू हो गया है। गुरुवार सुबह से इस मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।
13 जुलाई को भारी भूस्खलन के कारण सिक्किम के 20 माइल स्थित बारडांग इलाके में एनएच-10 का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया था।
सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद इसे दोबारा चालू किया गया है। हालांकि सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल इस मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने वर्तमान में मार्ग पर एकतरफा यातायात की अनुमति दी है। इससे लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है और क्षेत्र में आवागमन को लेकर राहत मिली है।
एनएच-10 खुलने से स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिली है। सिक्किम और उत्तर बंगाल के मैदानी इलाकों के बीच सड़क संपर्क बहाल होने से यात्रा आसान होने की उम्मीद है।















