नई दिल्ली, 27 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खेलो इंडिया डायलॉग कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम में देशभर के युवा शामिल होंगे।
इस आयोजन का उद्देश्य खेल, युवा नेतृत्व, नागरिक जिम्मेदारी, स्वयंसेवा, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर युवाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले से दो कॉलेजों के युवा भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री का यह संवाद स्वस्थ, अनुशासित और खेल भावना से जुड़े राष्ट्र निर्माण की सोच पर आधारित होगा। कार्यक्रम में युवाओं की आकांक्षाओं को देश के विकास की दिशा से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
खेलो इंडिया डायलॉग के बाद स्थानीय स्तर पर युवाओं, स्वयंसेवकों, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बातचीत भी होगी। इसमें युवाओं को प्रमुख भारतीय खिलाड़ियों और पदक विजेताओं से संवाद करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवा संवाद रहेगा, जिसमें प्रतिभागी अपने विचार भी रख सकेंगे।
यह संवाद पांच प्रमुख विषयों पर केंद्रित होगा। इनमें बेहतर सुविधाओं और कोचिंग के जरिए खेल व्यवस्था को मजबूत करना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान और खिलाड़ियों का दीर्घकालिक विकास, शासन व्यवस्था और स्वयंसेवा के माध्यम से युवा नेतृत्व तैयार करना, नागरिक जिम्मेदारी और भविष्य के कौशल से युवाओं को सशक्त बनाना तथा खेल नेटवर्क के जरिए नशामुक्त युवा अभियान को मजबूती देना शामिल है।















