जबलपुर, 27 अगस्त।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज जबलपुर में 450 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले टी-सीरीज टैंक ओवरहॉलिंग प्रोजेक्ट का भूमि पूजन करेंगे। यह कार्यक्रम व्हीकल फैक्टरी जबलपुर में आयोजित किया जाएगा।
इस परियोजना का उद्देश्य भारतीय सैन्य क्षमता को मजबूत करना और देश में रक्षा उत्पादन को नई दिशा देना है। इससे जबलपुर की सामरिक और औद्योगिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
रक्षा मंत्रालय की इस योजना से रक्षा उपकरणों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही महाकौशल क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सुबह 11.55 बजे गोवा से विमान के जरिए जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनका स्वागत करेंगे।
इसके बाद रक्षामंत्री दोपहर 12.20 बजे व्हीकल फैक्टरी पहुंचेंगे और 12.35 बजे टी-सीरीज टैंक ओवरहॉलिंग प्रोजेक्ट के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रक्षामंत्री दोपहर 2.35 बजे व्हीकल फैक्टरी से रवाना होंगे और 2.45 बजे साउथ सिविल लाइन पहुंचकर पार्टी नेताओं की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 3.20 बजे विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।















