भोपाल, 27 अगस्त।
मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के आयोजन की तारीख में बदलाव किया गया है। रक्षाबंधन के अवकाश के चलते अब यह अभियान शनिवार उनतीस अगस्त को पूरे प्रदेश में आयोजित होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस दिन बालाघाट जिले के दौरे पर रहेंगे। वहां वे इस अभियान के तहत जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल होकर सीधे शिकायतकर्ताओं की समस्याओं की सुनवाई करेंगे।
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न बैठकों के साथ समीक्षा करेंगे और मीडिया के साथ-साथ उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी संवाद स्थापित करेंगे। प्रदेश के बाकी जिलों में भी प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा इस अभियान को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
अभियान के तहत सभी जिलों में आने वाले आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और आश्रमों का निरीक्षण करना अनिवार्य किया गया है। इन स्थानों पर रहने वाले विद्यार्थियों और युवाओं से बातचीत कर आवश्यक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।















