महोबा, 27 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में ईद-मिलाद-उन-नबी के जुलूस के दौरान तिरंगे से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। जुलूस के दौरान एक झंडे की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद की स्थिति बन गई।
वायरल तस्वीर में तिरंगे के सफेद हिस्से में बने अशोक चक्र की जगह अरबी भाषा में कुछ लिखा दिखाई दे रहा है। इस मामले को लेकर राष्ट्रवादी संगठनों में नाराजगी देखने को मिली और उन्होंने कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि यह तस्वीर जनपद मुख्यालय में निकाले गए बारावफात के जुलूस से जुड़ी है। जानकारी सामने आने के बाद संगठनों ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सुभाष नगर निवासी रामकिशोर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जुलूस में एक व्यक्ति द्वारा तिरंगे झंडे पर इस्लामिक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जो राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।
पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से जुड़ा दावा प्रसारित हो रहा है। पुलिस के अनुसार, तस्वीर में दिख रहा झंडा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज नहीं है। भारतीय राष्ट्रीय ध्वज में सफेद पट्टी पर 24 तीलियों वाला नेवी ब्लू अशोक चक्र होता है, वहीं संबंधित झंडे में उसकी जगह अन्य लिखावट अंकित थी।
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए संबंधित झंडे को जुलूस से हटवा दिया था। सदर कोतवाली पुलिस ने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा 2 के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस वायरल फोटो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। हिंदू संगठनों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।















