मेदिनीपुर, 27 अगस्त।
खड़गपुर शहर में लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक गिरोह को पकड़ा है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सूरज कहार और दो नाबालिग शामिल हैं।
पश्चिम मेदिनीपुर जिले की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बुधवार शाम मेदिनीपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपित शहर में हुई कई छिनतई की वारदातों में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार खड़गपुर में मई महीने में दो, जुलाई में दो और अगस्त में दो छिनतई की घटनाएं सामने आई थीं। इन वारदातों को शहर के अलग-अलग इलाकों में अंजाम दिया गया था।
जांच में पता चला कि सेरसा स्टेडियम, अतुलमणि स्कूल, संघश्री क्लब, न्यू ट्रैफिक और साईं बाबा मंदिर सहित कई स्थानों पर छिनतई की घटनाएं हुई थीं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चोरी किए गए छह सोने के हार में से दो हार एक सोने की दुकान से बरामद किए गए हैं। वहीं चार हार गिरफ्तार आरोपितों के पास से मिले हैं। इस मामले में सोने की दुकान के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है।
पापिया सुल्ताना ने कहा कि अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अपराधियों की सहायता करने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।















