नई दिल्ली, 27 अगस्त।
देश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने लगी हैं। दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को सुबह से शाम तक रुक-रुककर तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मध्य और उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इन राज्यों के कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में अगले पांच से छह दिनों के दौरान बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 2 सितंबर तक गरज-चमक के साथ व्यापक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून सक्रिय रहेगा। ओडिशा में 27 से 31 अगस्त के बीच कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में 31 अगस्त तक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ खराब मौसम रहने का अनुमान है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 2 सितंबर तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। 30 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पश्चिम भारत में कोंकण और गोवा में 2 सितंबर तक कई जगह बारिश जारी रहने की संभावना है। गुजरात और महाराष्ट्र के अंदरूनी हिस्सों में हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं।
दक्षिण भारत के तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक में बारिश की गतिविधियां कम रहने का अनुमान है। हालांकि, तटीय कर्नाटक और केरल में कुछ दिनों तक मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है।















