नई दिल्ली, 27 अगस्त।
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के भारत दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच तीन एकदिवसीय और दो बहुदिवसीय मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय टीम में आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ जैसे युवा खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
एकदिवसीय मुकाबलों के लिए लक्ष्य रायचंदानी को टीम की कमान सौंपी गई है, वहीं यशवर्धन चौहान उपकप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे। विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ भी वनडे टीम में जगह बनाने में सफल रहे हैं।
एकदिवसीय टीम में लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशवर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल को शामिल किया गया है।
बहुदिवसीय मुकाबलों के लिए यशवर्धन चौहान को कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी को उपकप्तान बनाया गया है। इस टीम में सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्णा (विकेटकीपर), अभिप्राय विश्वास (विकेटकीपर), रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव को जगह मिली है।
भारत अंडर-19 और ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के बीच पहला एकदिवसीय मुकाबला 18 सितंबर को राजकोट में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 21 सितंबर और तीसरा वनडे 23 सितंबर को राजकोट में ही होगा। तीनों मुकाबले सुबह 9 बजे शुरू होंगे।
बहुदिवसीय मुकाबलों की शुरुआत 27 सितंबर से होगी। पहला मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में सुबह 9:30 बजे खेला जाएगा। दूसरा बहुदिवसीय मैच 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद बी मैदान पर सुबह 9:30 बजे आयोजित होगा।















