बीकानेर, 28 अगस्त।
भारत-पाकिस्तान सीमा से जुड़े सुरक्षा हालात के बीच बीकानेर में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिया है। मिलिट्री इंटेलिजेंस और सीआईडी बीकानेर जोन की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। महिला करीब आठ महीने से भारत में रह रही थी और उसके पास बांग्लादेश से जुड़े दस्तावेज मिले हैं। अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह भारत में किस रास्ते से आई और उसके पास पासपोर्ट, वीजा या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज थे या नहीं। बांग्लादेश में उसके बताए गए पते की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
संयुक्त टीम ने गुरुवार को अशोक नगर क्षेत्र में तुलसी धारणिया स्कूल के पास स्थित एक डेरे से महिला को हिरासत में लिया। उसने अपना नाम नीला, उम्र 27 वर्ष, पति सैफुमुल्ला और निवासी जोरशेर, डाकघर सालदांगा, बांग्लादेश बताया है। फिलहाल महिला को जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस की निगरानी में रखा गया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े होने की आशंका भी सामने आई है। एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि उसका किसी गिरोह या नेटवर्क से संपर्क था या नहीं। इसके लिए उसके मोबाइल फोन और कॉल विवरण की जांच की जा रही है। संभावित बैंक खातों से जुड़ी जानकारी भी खंगाली जा रही है।
जांच एजेंसियां पिछले आठ महीनों के दौरान महिला के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही हैं। उसके आर्थिक लेन-देन, मदद करने वालों और बीकानेर में उसे ठहराने वाले लोगों के बारे में भी पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही भारत में उसके रहने और आने से संबंधित परिस्थितियों की भी जांच जारी है।
जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह के अनुसार, मामला एक विदेशी नागरिक के भारत में कथित अवैध रूप से रहने और सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े पहलुओं से संबंधित है। मामले की जांच में सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। बीकानेर के सीमावर्ती इलाकों बज्जू, खाजूवाला और पूगल में भी सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी जारी है।
सीमा पार से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों के साथ सोशल मीडिया पर होने वाले संपर्कों और स्थानीय स्तर पर महिला के संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। एजेंसियां यह जानने का प्रयास कर रही हैं कि महिला के भारत आने और यहां रहने के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था या नहीं।















