उज्जैन, 28 अगस्त।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार शाम उज्जैन में महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं। वीवीआईपी गेस्ट हाउस और पुलिस सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में गृह विभाग से जुड़ी बहनों ने मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर रक्षा सूत्र बांधा और उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर समिति की महिला कर्मचारी, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी महिला कर्मी, महिला सफाई मित्र तथा नगर निगम की महिला सफाई मित्रों ने भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव को राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने सभी बहनों से आत्मीय संवाद किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने रक्षाबंधन की खुशियों को साझा करते हुए उपस्थित बहनों को उपहार भी भेंट किए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मौजूद बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास और आत्मीय रिश्ते को मजबूत करने वाला पवित्र अवसर है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का पर्व पारिवारिक संबंधों में स्नेह और विश्वास की भावना को और मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी बहनों के सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। उन्होंने बहनों के साथ बातचीत करते हुए पर्व की आत्मीयता को महसूस किया और उनके स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, उज्जैन विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष मुकेश यादव, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, राकेश पंड्या और विवेक गुप्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।















