मुंबई, 28 अगस्त।
नेचुरल स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द पैराडाइज' रिलीज से पहले ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में तैयार इस फिल्म के पहले गाने 'आया शेर' को दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। अब फिल्म का दूसरा और खास गाना दर्शकों के सामने आने वाला है। इस गाने में अभिनेत्री कीर्ति सुरेश नानी के साथ नजर आएंगी।
गाने का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है, वहीं इसके बोल राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कसरला श्याम ने लिखे हैं। कीर्ति सुरेश ने सोशल मीडिया पर गाने की शूटिंग के दौरान नानी के साथ अपनी एक तस्वीर भी साझा की है। तस्वीर में वह नानी की पोनीटेल पकड़े हुए दिखाई दे रही हैं।
इस तस्वीर के साथ अभिनेत्री ने मजेदार अंदाज में लिखा, "जब तुम उसके बालों को छूते हो, तो वो आग बबूला हो जाता है।" कीर्ति सुरेश की इस पोस्ट के बाद प्रशंसकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। हालांकि, उनके किरदार और गाने से जुड़ी कहानी के बारे में अभी अधिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिल्म के 'आया शेर' गाने को यूट्यूब पर 200 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है। सोशल मीडिया पर भी गाने के हुकस्टेप को लेकर काफी चर्चा देखने को मिली है।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी 'द पैराडाइज' 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में नानी मुख्य भूमिका में हैं। इसे हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म को बड़े वैश्विक स्तर पर तैयार किया गया है। इसी को देखते हुए निर्माताओं की ओर से अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिल्म को पेश करने के लिए हॉलीवुड अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स से संपर्क किए जाने की खबर भी सामने आई है।















