भोपाल, 28 अगस्त।
मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। शुक्रवार को जबलपुर और सागर संभाग के सात जिलों टीकमगढ़, छतरपुर, कटनी, सीधी, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान ढाई से चार इंच तक बारिश हो सकती है। राजधानी भोपाल में भी हल्की बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, सागर, पन्ना, दमोह और निवाड़ी में भी कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।
28 से 30 अगस्त तक गरज-चमक
मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक के मुताबिक 28 से 30 अगस्त के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। हालांकि अब तेज बारिश का असर कुछ चुनिंदा जिलों तक सीमित रहने की संभावना है। 29 अगस्त को शहडोल, अनूपपुर, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। 31 अगस्त को मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तेज बारिश हो सकती है। मौसम प्रणाली कमजोर होने के बाद प्रदेश में भारी बारिश का दौर कम होने की संभावना है।
प्रदेश में अब तक 71 प्रतिशत बारिश
आईएमडी भोपाल के अनुसार मध्य प्रदेश में अब तक 674.6 मिलीमीटर यानी 26.5 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 742.3 मिलीमीटर यानी 29.2 इंच है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से 2.7 इंच और कुल 9 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 6 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।
पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश की कमी 19 प्रतिशत तक पहुंच गई है। बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, मंडला, मऊगंज, नरसिंहपुर, निवाड़ी, पांढुर्णा, पन्ना, रीवा, सागर, सिवनी, टीकमगढ़ और डिंडौरी समेत कई जिलों में सामान्य से 1 से 49 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई है।
पश्चिमी मध्य प्रदेश के आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, दतिया, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, मुरैना, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, श्योपुर, शिवपुरी, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 4 से 50 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है।
वहीं प्रदेश के 18 जिलों में अब तक औसत से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इनमें अनूपपुर, डिंडौरी, निवाड़ी, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, राजगढ़ और शिवपुरी शामिल हैं।















