रायपुर, 28 अगस्त।
राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को रायपुर में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित करेंगे। इसके अलावा पांच टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से यह समारोह राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शनिवार शाम 4 बजे से आयोजित होगा।
समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को अलग-अलग पुरस्कार एवं सम्मान दिए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान तथा मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।
समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के विधायक, महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि तथा खेल जगत से जुड़े लोग भी शामिल होंगे।














