विदिशा, 29 अगस्त।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि विदिशा मेडिकल कॉलेज में कैंसर मरीजों के लिए 8 सितंबर से डे-केयर सेंटर की शुरुआत की जाएगी। इस सुविधा से विदिशा सहित आसपास के कई जिलों के कैंसर रोगियों को उपचार में मदद मिलेगी और उन्हें बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शनिवार को विदिशा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने बताया कि शुरुआती चरण में आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह विकसित होने तक एम्स भोपाल डे-केयर सेंटर के संचालन में सहयोग करेगा। इसके लिए विदिशा मेडिकल कॉलेज और एम्स भोपाल के बीच समझौता ज्ञापन किया जाएगा।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को अपनी पत्नी साधना सिंह के साथ भुजरियों और रक्षाबंधन के अवसर पर विदिशा पहुंचे। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया और लाड़ली बहनों से मुलाकात की। इस दौरान बहनों ने उनकी कलाई पर राखी बांधी और साधना सिंह चौहान ने उन्हें उपहार भी भेंट किया। चौहान ने प्रदेश की सभी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि मां, बहन और बेटी देवी के समान हैं और उनकी सेवा करना ही देवी की सच्ची पूजा है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार बहनों और बेटियों के आर्थिक तथा सामाजिक सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण कर कॉलेज में अध्ययनरत बेटियों के लिए अजीम प्रेमजी संस्था के सहयोग से छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई है।
योजना के तहत पात्र छात्राओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। अब तक लगभग 2100 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। चौहान ने सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण कर कॉलेज में पढ़ने वाली बेटियों से 31 अगस्त तक आवेदन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि निजी कॉलेजों में पढ़ने वाली पात्र छात्राएं भी इस योजना का लाभ ले सकती हैं।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आरसीटी के माध्यम से दो प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। पांच सितंबर से विदिशा, रायसेन और सीहोर में 30 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण शुरू होगा। इसके साथ ही 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण भी संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद बैंक लिंकेज के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि उनकी आय बढ़ सके।
नेपाल में आई भीषण त्रासदी के दौरान लापता हुई विदिशा की स्वाति बागरेचा के संबंध में भी शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि नेपाल के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और उनके कार्यालय के अधिकारी भी वहां के संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से प्रार्थना करने की अपील करते हुए सभी लापता लोगों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद जताई।
केंद्रीय मंत्री के विदिशा पहुंचने पर ईदगाह चौराहे पर भाजपा युवा मोर्चा और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद चौहान मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने डॉक्टरों और अधिकारियों के साथ बैठक कर कैंसर डे-केयर सेंटर की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में टाटा मेमोरियल के डॉक्टर भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए और सेंटर के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद चौहान ने कहा कि 8 सितंबर विदिशा और आसपास के क्षेत्रों के लिए ऐतिहासिक दिन होगा, जब कैंसर डे-केयर सेंटर का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सुविधा का लाभ विदिशा के साथ रायसेन, सीहोर, देवास, सागर और बुंदेलखंड के आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सेंटर शुरू होने के बाद किसी प्रकार की कमी या अतिरिक्त आवश्यकता सामने आने पर एम्स भोपाल के सहयोग से उसे पूरा किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने इस पहल को पीड़ित मानवता की सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के कैंसर रोगियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।















