काठमांडू, 29 अगस्त।
नेपाल के रसुवा में आई बाढ़ के बाद 11 जलविद्युत परियोजनाओं से जुड़े 898 लोग अब भी संपर्क से बाहर बताए जा रहे हैं। निजी विद्युत उत्पादकों की संस्था इप्पान के ताजा आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक 576 लोग अपर त्रिशूली-1 जलविद्युत परियोजना से संपर्कविहीन हैं।
रसुवा स्थित 216 मेगावाट क्षमता वाली अपर त्रिशूली-1 परियोजना में बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा रसुवागढ़ी जलविद्युत परियोजना के 93 लोग भी अब तक लापता बताए गए हैं।
इप्पान के अनुसार, रसुवा-भोटेकोशी परियोजना में चार और लांगटांग जलविद्युत परियोजना में 42 लोग संपर्कविहीन हैं। चिलिमे परियोजना से आठ तथा मेलुंग खोला परियोजना से सात लोगों के लापता होने की सूचना है।
नुवाकोट क्षेत्र में अपर त्रिशूली-3 बी परियोजना से सर्वाधिक 122 लोग लापता बताए गए हैं। अपर त्रिशूली-3 ए में 42, मिडिल त्रिशूली गंगा में दो तथा त्रिशूली और देविघाट जलविद्युत परियोजनाओं में एक-एक व्यक्ति का अब तक पता नहीं चल सका है।
संस्था ने बताया कि अपर त्रिशूली-1, अपर त्रिशूली-3 ए और 3 बी की सुरंगों में करीब 300 लोग फंसे हुए हैं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान अब तक विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं से 361 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इनमें अपर त्रिशूली-1 से 254, लांगटांग से 18 और त्रिशूली-3 बी परियोजना से 91 लोगों को जीवित बचाया गया है।















