कानपुर, 29 अगस्त।
फजलगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह लोगों को रुपये का प्रलोभन देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और इन्हीं खातों के माध्यम से देश और विदेश में साइबर ठगी की रकम का लेन-देन किया जाता था। अब तक 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और सर्विलांस की मदद से दादानगर ढाल के पास एक स्विफ्ट कार से कपिल वर्मा उर्फ कपिल देव उर्फ शन्टी, अभय प्रताप और रोहित सिंह उर्फ रुद्र प्रताप सिंह को पकड़ा। तीनों आरोपित कानपुर के निवासी हैं।
पूछताछ में सामने आया कि गिरोह गरीब और सीधे-साधे लोगों को पैसे का लालच देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो हासिल करता था। इसके बाद उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर एटीएम, ऑनलाइन बैंकिंग की जानकारी और सिम अपने नियंत्रण में ले लेता था। बचत खाता उपलब्ध कराने पर 40 हजार रुपये और फर्जी फर्म के नाम पर चालू खाता खुलवाने पर 80 हजार रुपये दिए जाते थे। ठगी की रकम के लेन-देन पर 20 से 40 प्रतिशत तक कमीशन मिलने की बात भी सामने आई है।
आरोपित खाताधारकों के मोबाइल नंबर बदलकर अपने नंबर दर्ज करा देते थे, जिससे ओटीपी सीधे उनके पास पहुंचता था। इसके बाद फोनपे, गूगलपे, पेटीएम और अन्य यूपीआई माध्यमों से रकम का लेन-देन किया जाता था। एयरटेल पेमेंट बैंक के बैंक और मर्चेंट खातों के उपयोग की जानकारी भी मिली है। करीब 23 बैंकों से जुड़े खातों की जांच की जा रही है और कुछ बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों की संभावित मिलीभगत के संकेत भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना सुल्तान मिर्जा दुबई में बैठकर इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था। कानपुर में अमित सिंह उर्फ जगदीश, लखनऊ में राहुल, आगरा में के.पी. और उन्नाव में आशीष के इस नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी मिली है। सुल्तान मिर्जा, के.पी., अमित उर्फ जगदीश और आशीष समेत सात से आठ अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन लैपटॉप, 11 मोबाइल, चार पीओएस मशीन, 85 एटीएम और क्रेडिट कार्ड, 37 सिम कार्ड, 15 चेकबुक, 18 पासबुक, चार रजिस्टर, आधार कार्ड की दो छायाप्रतियां, चार मोहर, एक पैन कार्ड, स्विफ्ट कार, यूपीआई क्यूआर कोड, निजी फर्मों के 26 आवेदन पत्र और 1300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।















