भोपाल, 29 अगस्त।
भोपाल क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14.337 किलोग्राम गांजा और 3.400 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थों सहित अन्य सामग्री की कुल अनुमानित कीमत छह लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन समेत अन्य सामान भी पुलिस के कब्जे में लिया गया।
पुलिस आयुक्त संजय कुमार और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला के निर्देश पर शहर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त अपराध अखिल पटेल और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अपराध शैलेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम को तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
नारियलखेड़ा क्षेत्र में एलआईजी पुलिया के पास पहली कार्रवाई की गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर राहुल सिलावट और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार किया। दोनों रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान राहुल सिलावट से 3.460 किलोग्राम और राहुल अहिरवार से 4.250 किलोग्राम गांजा मिला। कुल 7.710 किलोग्राम गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1.15 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई पीपुल्स अस्पताल के समीप भानपुर पुलिया क्षेत्र में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गौतम नगर के अटल अय्यूब नगर निवासी 33 वर्षीय सीताराम कुशवाह को पकड़ा। उसके थैले की जांच करने पर 1 किलो 167 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के अंतर्गत मामला दर्ज कर मोबाइल और पूछताछ के माध्यम से तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
बैरागढ़ क्षेत्र में सीटीओ रोड पर अमरेश कंस्ट्रक्शन के सामने क्राइम ब्रांच ने तीसरी कार्रवाई की। यहां संदिग्ध हालत में मिले जोधपुर, राजस्थान निवासी हरेन्द्र प्रकाश उर्फ संदीप को हिरासत में लिया गया। उसके पास मौजूद गुलाबी थैले और सफेद बोरी की तलाशी में 3 किलो 400 ग्राम डोडाचूरा मिला। पुलिस ने एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत कार्रवाई की गई है।
क्राइम ब्रांच ने एक अन्य मामले में गांजा तस्करी के आरोप में रंजीत अहिरवार और प्रदीप अहिरवार को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी विदिशा जिले के कुरवाई थाना क्षेत्र के निवासी हैं। इनके खिलाफ भी क्राइम ब्रांच में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत, खरीदारों, शहर में सक्रिय नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश भी लगातार की जा रही है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में 15 महिलाओं सहित 85 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। शहर में ‘नशे से दूरी’ अभियान के तहत तस्करों पर लगातार नजर रखी जा रही है और कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 7049100785, नशामुक्ति हेल्पलाइन 14446 और मानस हेल्पलाइन 1933 जारी किए गए हैं।















