काठमांडू, 29 अगस्त।
नेपाल के कंचनपुर जिले में बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में कर्नाटक पुलिस के दो जवानों को नेपाल पुलिस ने हिरासत में लिया है। शनिवार दोपहर दोनों पुलिसकर्मियों को दोधारा-चाँदनी स्थित इलाका पुलिस कार्यालय की टीम ने पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, कर्नाटक पुलिस के एक सहायक उपनिरीक्षक समेत दोनों जवान दोधारा-चाँदनी निवासी शंकर लुहार को गिरफ्तार करने के इरादे से उसके घर तक पहुंच गए थे। बिना पूर्व अनुमति नेपाली सीमा में दाखिल होकर एक नेपाली नागरिक को हिरासत में लेने का प्रयास किए जाने की सूचना मिलने पर नेपाल पुलिस ने कार्रवाई की।
जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता डीएसपी टेकबहादुर रावत ने दोनों भारतीय पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है और आगे की कार्रवाई उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुसार की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नेपाल पुलिस को पूर्व सूचना दिए बिना और आवश्यक समन्वय के अभाव में नेपाली क्षेत्र में पहुंचे दोनों पुलिसकर्मियों की पहचान कर्नाटक पुलिस के एएसआई सतीश एमआर और जवान अल्फाब आरएस के रूप में हुई है।















