बक्सर, 29 अगस्त।
जिले में अपराध नियंत्रण और शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। 28 अगस्त को हुई इस कार्रवाई के दौरान कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, शराब से जुड़े मामलों में सात लोगों को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। वहीं, शराब बरामदगी के एक मामले में एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 10.92 लीटर विदेशी शराब बरामद की और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की।
विशेष अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न मामलों में 13 वारंटों का निष्पादन किया। इसके साथ ही एक कुर्की आदेश पर भी कार्रवाई की गई। जिले में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 21 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस जिले में अपराध नियंत्रण, शराब तस्करी पर रोक और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चला रही है।














