भागलपुर, 29 अगस्त।
भागलपुर जिले में लगातार हो रही बरसात और गंगा के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए गोपालपुर प्रखंड के ब्रह्मोत्तर बांध की हिफाजत के लिए जल संसाधन विभाग मुस्तैद हो गया है। बांध पर हो रहे कटाव को रोकने के वास्ते युद्धस्तर पर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है।
गोपालपुर के अंचलाधिकारी रौशन कुमार ने मौके पर पहुंचकर ब्रह्मोत्तर बांध का औचक जायजा लिया और कनीय अभियंता संजीव कुमार से चल रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों का पूरा ब्योरा लिया। बांध की लगातार निगरानी होने से स्थानीय लोगों ने काफी राहत महसूस की है।
निरीक्षण के दौरान इस्माइलपुर-बिंद टोली में स्पर संख्या आठ और नौ के बीच अतिक्रमण का मुद्दा भी गरमाया, जिस पर सीओ ने सख्त लहजे में कहा कि अवैध कब्जे को जल्द ही हटा दिया जाएगा। पिछली बार बाढ़ के दौरान इन कब्जों के कारण राहत कार्यों में भारी रुकावट आई थी।
आपदा प्रबंधन विभाग और प्रशासन पहले ही अतिक्रमण हटाने को लेकर निर्देश जारी कर चुके हैं, ताकि इस बार बरसात के मौसम में किसी भी प्रकार की बड़ी परेशानी से बचा जा सके।















