काठमांडू, 29 अगस्त।
नेपाल सरकार ने प्राकृतिक आपदा के बाद राहत और बचाव अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए मित्र देशों से तकनीकी सहयोग की मांग की है। विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देने के लिए आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक सुविधाओं को मजबूत करने और दुर्गम इलाकों तक राहत पहुंचाने के लिए सरकार ने विभिन्न प्रकार के तकनीकी सहयोग का अनुरोध किया है। विशेष रूप से रसुवा समेत अन्य प्रभावित जिलों में बड़ी चुनौती ऐसे शवों की पहचान करना है, जिनकी अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
विदेश मंत्री के अनुसार, शवों की पहचान के लिए नेपाल की मौजूदा फॉरेंसिक क्षमता पर्याप्त नहीं है। इस कारण डीएनए परीक्षण और उससे जुड़ी रिपोर्ट तैयार करने में सहयोग के लिए विदेशी सरकारों से सहायता मांगी गई है।















