इंदौर, 29 अगस्त।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जल्द ही मध्य प्रदेश के इंदौर आ सकते हैं। कांग्रेस यहां बड़े स्तर पर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में जुटी है। प्रस्तावित कार्यक्रम इंदौर के नेहरू स्टेडियम में होगा, जहां राहुल गांधी विद्यार्थियों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में केबी बायजु, सतनारायण पटेल, शोभा ओझा, विपिन वानखेड़े, चिंटू चौकसे, सदाशिव यादव, संजय कामले, रीना बोरासी समेत पार्टी के अन्य नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान आयोजन की रूपरेखा, संभावित स्थल और विद्यार्थियों की भागीदारी समेत विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी कर रही है। पार्टी का उद्देश्य युवाओं के बीच अपनी बात और संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी है।
इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने ‘छात्रों की गूंज’ नाम से प्रस्तावित बड़े जनसंवाद कार्यक्रम के लिए नगर निगम आयुक्त को आवेदन सौंपकर अनुमति मांगी है। आवेदन में शहर के प्रमुख खेल परिसर नेहरू स्टेडियम को 8 सितंबर से 12 सितंबर तक आरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है।
चिंटू चौकसे ने बताया कि राष्ट्रव्यापी ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत राहुल गांधी विभिन्न राज्यों में विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इंदौर के कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, शिक्षण संस्थानों की बढ़ती फीस, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं से जुड़ी अन्य प्रमुख समस्याओं पर चर्चा किए जाने की योजना है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष के अनुसार, कार्यक्रम में इंदौर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हो सकते हैं। संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नेहरू स्टेडियम को आयोजन के लिए उपयुक्त स्थान माना गया है। सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक प्रबंध और अन्य शुरुआती तैयारियों को ध्यान में रखते हुए 8 से 12 सितंबर तक स्टेडियम आरक्षित करने की मांग की गई है।















