आगरमालवा, 29 अगस्त।
मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिले में जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने ग्राम मोलियाखेड़ी में सघन निरीक्षण के दौरान बिना वैध पंजीयन प्रमाण पत्र के संचालित एक निजी क्लिनिक को सील करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ग्राम में ए. के. विश्वास द्वारा संचालित निजी क्लिनिक पहुंचे। उस समय वहां निजी चिकित्सक एक महिला मरीज भावना का उपचार करता हुआ मिला। कलेक्टर ने क्लिनिक के संचालन से संबंधित वैध पंजीयन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा।
जांच के दौरान चिकित्सक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। क्लिनिक परिसर में भी पंजीयन प्रमाण पत्र प्रदर्शित नहीं पाया गया। प्रशासन ने इसे जनस्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना ने तहसीलदार और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को क्लिनिक को तत्काल प्रभाव से सील करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बी.एस. सोलंकी, अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















