कानपुर, 29 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवेढ़ी चौराहे के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खरीदारी कर के मोटरसाइकिल से घर लौट रहे मामा-भांजे को एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
इस भयानक टक्कर में मोटरसाइकिल सवार पैंतालीस वर्षीय आमोद नामदेव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका भांजा मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फौरन घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने के कारण उसे कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दुखद हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















