भोपाल, 29 अगस्त।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के तहत शनिवार को शाहपुरा क्षेत्र के जोन क्रमांक-6 स्थित वार्ड क्रमांक-51 के सी-सेक्टर में जन-कल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया गया।
शिविर में महापौर मालती राय, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, स्थानीय पार्षद, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई और उनके आवेदन व समस्याएं भी सुनी गईं।
महापौर मालती राय ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में आयोजित हो रहे जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास कार्यों को गति देना है। क्षेत्रवासियों की मांग पर उन्होंने नाला निर्माण कराने के निर्देश दिए और कहा कि यह कार्य आगामी सोमवार से शुरू किया जाए।
उन्होंने नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को निर्देशित किया कि कार्यादेश जारी होने के बाद स्वीकृत विकास और निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराया जाए। महापौर ने कहा कि नागरिकों से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं और विकास कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से पात्र नागरिकों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल और पारदर्शी व्यवस्था के साथ पहुंचाया जा रहा है। कॉलोनियों की समस्याओं के व्यवस्थित और शीघ्र समाधान के लिए कलेक्ट्रेट में एक समर्पित कॉलोनी सेल गठित किया गया है।
कलेक्टर ने क्षेत्र के निवासियों से अपने-अपने इलाकों में रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन गठित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से कॉलोनियों की समस्याओं को एक साझा मंच के माध्यम से प्रभावी तरीके से प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सभी आवेदन और शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने पर भी जोर दिया गया।
शिविर समाप्त होने के बाद कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शाहपुरा क्षेत्र की विभिन्न शासकीय और जनसेवा संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र, बाबा नगर स्थित नगर निगम ट्रांसफर स्टेशन, शासकीय प्राथमिक शाला छावनी शाहपुरा, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक तथा एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एकता महिला प्राथमिक सहकारी उपभोक्ता भंडार में गंभीर अव्यवस्थाएं और अनियमितताएं सामने आईं। स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने सहायक आपूर्ति अधिकारी वसुंधरा पेंडो और वरिष्ठ सहकारिता निरीक्षक सपना गुहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।















