काठमांडू, 30 अगस्त।
नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारत ने चौथी बार राहत सामग्री भेजी है। विदेशमंत्री एस. जयशंकर के अनुसार, शनिवार रात 11 टन राहत सामग्री लेकर सी-130 सैन्य विमान नेपाल पहुंचा।
इस खेप में खोज और बचाव अभियान के लिए उपकरणों से लैस सुरंग तकनीकी दल भेजा गया है। इसके साथ फोरेंसिक उपकरणों वाली डीएनए विश्लेषण विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची है। राहत सामग्री में कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल, प्लास्टिक शीट और स्वच्छता किट सहित अन्य जरूरी सामान शामिल हैं।
इसके अलावा 230 फीट लंबे एकल-लेन मॉड्यूलर स्टील पुल के निर्माण के लिए जरूरी उपकरणों से लदे 16 ट्रक भी नेपाल पहुंच चुके हैं। भारत की ओर से अब तक दवाइयां, पोर्टेबल जनरेटर, खाद्य पैकेट, पानी साफ करने वाली गोलियां और तकनीकी उपकरण समेत कुल 68.5 टन राहत सामग्री हवाई मार्ग से काठमांडू भेजी जा चुकी है।
भारत ने कहा है कि नेपाल सरकार की ओर से मांगी जाने वाली हर तरह की सहायता उपलब्ध कराने के लिए वह तैयार है। नेपाल की ओर से जैसे-जैसे जरूरत बताई जा रही है, उसी के अनुसार तत्काल मदद भेजी जा रही है।















