मुंबई, 31 अगस्त।
आगामी हिंदी कोर्टरूम सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘लव लॉटरी’ का नया रोमांटिक गीत ‘नज़र लग जाएगी’ रिलीज हो गया है। अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला पर फिल्माए गए इस गीत में दोनों कलाकारों की खूबसूरत केमिस्ट्री और उनके किरदारों के बीच उभरते प्रेम को भावनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। गीत को जावेद अली और राधिका भिड़े ने अपनी आवाज दी है।
वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे के संगीत से सजे इस गीत के बोल अरविंद पांडे ने लिखे हैं। उत्तराखंड की मनमोहक वादियों में फिल्माए गए गीत में पहाड़ों की शांत खूबसूरती, प्राकृतिक दृश्य और कलाकारों की सहज अदाकारी रोमांस के माहौल को और प्रभावशाली बनाती है।
गीत की सिनेमैटोग्राफी नवीन वी. मिश्रा ने की है और देवेंद्र चतुर्वेदी ‘डेविड’ ने इसकी कोरियोग्राफी संभाली है। फिल्म के निर्देशक एवं संगीत निर्देशक अरविंद पांडे के अनुसार, इस गीत के माध्यम से कहानी के किरदारों के रिश्ते में मौजूद प्यार और भावनाओं को स्वाभाविक रूप में दर्शाने का प्रयास किया गया है। उनके मुताबिक उत्तराखंड का प्राकृतिक वातावरण कहानी के इस हिस्से के लिए बेहद उपयुक्त साबित हुआ।
सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ द्वारा निर्मित ‘लव लॉटरी’ का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है। फिल्म की कहानी और लेखन अंकुर खत्री का है। इसमें अक्षय ओबेरॉय, हेली दारूवाला और कबीर दुहन सिंह प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म में विजयांत कोहली, संतोष शुक्ला, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, अग्नि अय्यारी और विक्रम शर्मा सहित कई कलाकार महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे। प्यार, भरोसे और शादी के रिश्तों से जुड़े जटिल सवालों को कोर्टरूम ड्रामा और सस्पेंस के साथ पेश करने वाली यह फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।















