भोपाल, 31 अगस्त।
मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2026 पूर्वार्ध का कार्यक्रम सोमवार को घोषित कर दिया गया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रदेश में इन उप निर्वाचन के लिए मतदान 29 सितम्बर को कराया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि निर्वाचन की सूचना जारी करने और नाम निर्देशन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 8 सितम्बर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 15 सितम्बर तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 सितम्बर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर निर्धारित की गई है। इसी दिन चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
नगरीय निकायों के लिए 29 सितम्बर को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से की जाएगी।
पंचायतों में मतदान 29 सितम्बर को सुबह 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक कराया जाएगा। पंच पद के लिए मतगणना मतदान समाप्त होने के तत्काल बाद संबंधित मतदान केंद्र पर होगी। सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए ईवीएम से मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालयों पर की जाएगी। इसी दिन सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के परिणाम घोषित होंगे। जिला पंचायत सदस्य और पंच पद के परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर को सुबह 10.30 बजे से होगी।
प्रदेश में तीन नगरीय निकाय अध्यक्ष पदों और 26 पार्षद पदों के लिए उप निर्वाचन कराया जाएगा। इनमें आगर-मालवा जिले की नगर परिषद सुसनेर, टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़ तथा धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद शामिल हैं।
विभिन्न नगर निगमों, नगरपालिका परिषदों और नगर परिषदों के 26 वार्डों में पार्षद पद के लिए भी उप निर्वाचन होगा। इनमें इंदौर, ग्वालियर, सागर, कटनी, खंडवा सहित कई जिलों के नगरीय निकायों के वार्ड शामिल हैं।
पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत जिला पंचायत सदस्य के 7, जनपद पंचायत सदस्य के 28, सरपंच के 110 और पंच के 4090 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।















