फतेहपुर, 31 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए फरार दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों मुख्य आरोपितों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव में 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे शराब के ठेके के सामने पुरानी रंजिश को लेकर ठेका सेल्समैन गोवर्धन निषाद के बेटों और मनीष दुबे के पुत्र वैभव तिवारी के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर सेल्समैन के बेटे अमन सिंह और मनू सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर वैभव तिवारी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था और दोनों फरार मुख्य आरोपितों अमन सिंह व मनू सिंह पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपितों को पनाह देने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम ने 30 अगस्त को लखनऊ के चिनहट क्षेत्र स्थित निजामपुर मल्हौर से दोनों भाइयों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने हत्या में इस्तेमाल रिवाल्वर पंकज पाण्डेय को छिपाने के लिए देने और आशुतोष तिवारी व आशुतोष सिंह उर्फ चेतन सिंह के संरक्षण में लखनऊ में छिपे रहने की जानकारी दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है, जबकि रिवाल्वर की तलाश जारी है। दोनों आरोपितों को कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है और मामले में सहयोग करने वालों की तलाश की जा रही है।















