राजगढ़, 31 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर और ब्यावरा में भादो माह के पहले सोमवार को भगवान महाकाल की भव्य शाही सवारी श्रद्धा, आस्था और उत्साह के बीच निकाली गई। दोनों शहरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उमड़े और पूरा वातावरण महादेव के जयकारों से गूंजता रहा।
खिलचीपुर में पंचमुखी शिव मंदिर से फूलों से सुसज्जित पालकी में विराजमान बाबा महाकाल नगर भ्रमण के लिए निकले। शाही सवारी के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखाई दी और भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भगवान महादेव का स्वागत किया। पंचमुखी शिव मंदिर से प्रारंभ हुई सवारी इमली बस स्टैंड तक पहुंची।
शाही सवारी में शामिल धार्मिक झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। ट्रैक्टरों पर खाटू बाबा श्याम और श्रीनाथजी की मनमोहक झांकियां सजाई गई थीं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालु जुटे रहे।
आयोजकों के अनुसार नगर भ्रमण पूरा होने के बाद बाबा महाकाल की सवारी पुनः मंदिर पहुंचेगी, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
इधर, ब्यावरा शहर में श्री महाकाल मित्र मंडल के तत्वावधान में भुवनेश्वर महादेव की भव्य शाही सवारी निकाली गई। महादेव मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा में भगवान महादेव को आकर्षक ढंग से सजी पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया।
सवारी तुलसीनगर, मुक्तिधाम रोड, राधा कृष्ण मंदिर, राजगढ़ रोड, पीपल चौराहा, मेन मार्केट और अहिंसा द्वार से होते हुए माता महाकाली मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पालकी पर पुष्पवर्षा कर बाबा महाकाल का स्वागत किया। अनेक स्थानों पर आरती की गई और श्रद्धालुओं में प्रसाद भी वितरित किया गया।
नगर के विभिन्न स्थानों पर भक्तों ने भगवान महाकाल के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सवारी के माता महाकाली मंदिर पहुंचने के बाद भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।
महाआरती के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माता महाकाली और बाबा महाकाल की आरती में सहभागिता की तथा जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की।















