नई दिल्ली, 31 अगस्त।
उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण के मामले में राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसे राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बताया।
वेणुगोपाल ने कहा कि कथित शुद्धिकरण में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होने तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पत्रकार वार्ता के दौरान खरगे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।
उनके अनुसार, इसके अगले ही दिन उत्तराखंड पुलिस ने राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी। वेणुगोपाल ने इस स्थिति को ‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे अधिक गंभीर बात यह है कि भाजपा ने कथित जातिवादी व्यवहार का बचाव किया है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इससे यह संदेश मिलता है कि सामाजिक अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाने के लिए भाजपा राज्य की पूरी ताकत का उपयोग करने को तैयार है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार शाम देशभर में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान उन भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी, जिन पर कांग्रेस ने खरगे के अपमान में शामिल होने का आरोप लगाया है।
वेणुगोपाल ने कहा कि विरोध प्रदर्शन के माध्यम से संविधान में निहित सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा की मांग भी उठाई जाएगी। कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कथित शुद्धिकरण की घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हो जाती।















