नई दिल्ली, 31 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़ों को उत्साहजनक बताया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की सामूहिक शक्ति को देते हुए भारत की प्रगति पर संदेह जताने वालों पर भी निशाना साधा और कहा कि निराशावादी गलत साबित हुए हैं तथा भारत एक बार फिर फला-फूला है।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर कहा कि तेल कीमतों के झटकों, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और वैश्विक अनिश्चितताओं जैसी चुनौतियों के बावजूद वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही, अप्रैल से जून के दौरान वास्तविक जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि देश के लोगों की सामूहिक शक्ति ने भारत को यह विकास दर हासिल करने में सक्षम बनाया।
जारी आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की वास्तविक जीडीपी 81.36 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 75.46 लाख करोड़ रुपये था। इस प्रकार वास्तविक जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।















