शहडोल, 31 अगस्त।
ब्यौहारी क्षेत्र में आवारा मवेशियों से फसलों को हो रहे नुकसान और गौवंश के संरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। जिला पंचायत सदस्य दुर्गा तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न गांवों से सैकड़ों मवेशियों को एकत्र कर तहसील कार्यालय ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में ही रोक लिया।
जिला पंचायत सदस्य ने इस आंदोलन की सूचना पहले ही अनुविभागीय अधिकारी ब्यौहारी को पत्र के माध्यम से दे दी थी। पत्र में बताया गया था कि 31 अगस्त को सुबह 6 बजे से मवेशियों को एकत्र कर तहसील कार्यालय पहुंचाया जाएगा और मांगों पर कार्रवाई नहीं होने तक धरना जारी रखा जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुड़वा, बुड़ा, रामपुरा, कुठिया, जगमल, करौंदिया और आसपास के अन्य गांवों से बड़ी संख्या में आवारा मवेशियों को इकट्ठा किया गया। सैकड़ों मवेशियों के साथ प्रदर्शनकारियों के तहसील की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और उन्हें बीच रास्ते में रोक दिया।
बड़ी संख्या में मवेशियों की मौजूदगी से मौके पर असामान्य स्थिति बन गई। इसके बाद अधिकारियों और जिला पंचायत सदस्य के बीच बातचीत हुई। प्रदर्शनकारियों ने किसानों की फसलों को बचाने और गौवंश की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग रखी।
दुर्गा तिवारी ने एसडीएम को दिए पत्र में बताया था कि जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-2 की 22 पंचायतों में बड़ी संख्या में आवारा मवेशी सड़कों और खेतों में घूमते हैं, जिससे किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने पर्याप्त गौशालाओं की कमी को समस्या का प्रमुख कारण बताया।
प्रशासन से गौवंश के संरक्षण के लिए नई गौशालाओं का निर्माण कराने की मांग की गई है। साथ ही गौठान और चारागाह के लिए पहले से सुरक्षित भूमि का उपयोग गौशाला निर्माण के लिए करने की मांग भी प्रदर्शनकारियों ने रखी है।















