नई दिल्ली, 31 अगस्त।
घरेलू शेयर बाजार में सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव देखने को मिला। गिरावट के साथ खुले सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआत में मामूली सुधार जरूर हुआ, लेकिन इसके बाद तेज बिकवाली ने दोनों प्रमुख सूचकांकों को नीचे धकेल दिया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 0.50 प्रतिशत और निफ्टी 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स 133.78 अंक यानी 0.17 प्रतिशत गिरकर 77,130.73 अंक पर खुला। शुरुआती खरीदारी के बाद यह बढ़कर 77,177.27 अंक तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद बिकवाली हावी हो गई।
लगातार बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स नीचे आता चला गया। सुबह 10 बजे तक यह 386.49 अंक यानी 0.50 प्रतिशत टूटकर 76,878.02 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी भी 58.10 अंक यानी 0.24 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,117.55 अंक पर खुला। कारोबार शुरू होने के बाद खरीदारी के सहारे यह 24,128.70 अंक तक चढ़ा, लेकिन जल्द ही बाजार में बिकवाली शुरू हो गई।
बिकवाली बढ़ने के साथ निफ्टी की गिरावट भी गहराती गई। सुबह 10 बजे तक यह 143.15 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,032.50 अंक पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में कुल 2,936 शेयरों में सक्रिय खरीद-बिक्री हो रही थी। इनमें 894 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 2,042 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते नजर आए।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में केवल तीन शेयर बढ़त में थे और 27 शेयर बिकवाली के दबाव में नीचे कारोबार कर रहे थे। निफ्टी की 50 कंपनियों में सात शेयर हरे निशान में और 43 शेयर लाल निशान में बने हुए थे।
सुबह 10 बजे तक दिग्गज कंपनियों में एचडीएफसी बैंक, बजाज ऑटो, कोल इंडिया, ओएनजीसी और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 1.58 प्रतिशत से 0.25 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
दूसरी ओर अदानी एंटरप्राइजेज, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, श्रीराम फाइनेंस और इन्फोसिस के शेयर 3.05 प्रतिशत से 2.19 प्रतिशत तक टूटकर कारोबार कर रहे थे।
इससे पहले पिछले सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 330.92 अंक यानी 0.43 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77,264.51 अंक पर बंद हुआ था। निफ्टी भी 84.80 अंक यानी 0.35 प्रतिशत चढ़कर 24,175.65 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।















