राजगढ़, 31 अगस्त।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के एक गांव में 35 वर्षीय दलित महिला के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक महिला त्योहार मनाने के लिए अपने मायके आई थी। आरोप है कि रविवार रात गांव निवासी दीपक मीणा जबरन उसके घर में दाखिल हो गया। पीड़िता का कहना है कि आरोपित ने उसे जान से मारने की धमकी देने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया।
महिला के शोर मचाने पर आरोपित मौके से भाग निकला। घटना के बाद पीड़िता अपने परिजनों के साथ कालीपीठ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरार आरोपित दीपक मीणा के खिलाफ बीएनएस की धारा 64, 238(1), 332(बी), 351(3) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















