मुंबई, 31 अगस्त।
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपने चार दशक लंबे फिल्मी सफर में एक और खास उपलब्धि जोड़ते हुए अपनी 555वीं फिल्म की घोषणा कर दी है। अभिनेता ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस नई फिल्म का आधिकारिक ऐलान किया, हालांकि इसके नाम और कहानी से जुड़ी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
500 से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके अनुपम खेर अभिनय के साथ निर्देशन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। अपनी नई फिल्म को लेकर उन्होंने प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बनाए रखते हुए फिलहाल इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अनुपम खेर ने कहा कि कुछ बातों को दिल में संभालकर रखना बेहतर होता है और सही समय आने पर उन्हें सामने लाने का आनंद अलग होता है। उन्होंने अपनी 555वीं फिल्म की घोषणा को लेकर खुशी व्यक्त की और कहा कि उचित समय पर इससे जुड़ी पूरी जानकारी सामने लाई जाएगी।
अभिनेता ने प्रशंसकों से तब तक इस रहस्य और उत्सुकता का आनंद लेने की अपील की है। अनुपम खेर के निर्देशन में बनी पिछली फिल्म 'तन्वी: द ग्रेट' थी।
आने वाले समय में अनुपम खेर कई बड़ी फिल्मों में नजर आ सकते हैं। खबरों के अनुसार, रणबीर कपूर की 'रामायण' में वह जटायु की भूमिका निभा सकते हैं।
इसके अलावा फिल्म 'श्री रामभूमि' में उनके विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता अशोक सिंघल का किरदार निभाने की बात सामने आई है। अनुपम खेर की आगामी फिल्मों में 'ये प्रेम मोल लिया' और 'खोसला का घोसला 2' भी शामिल हैं।















