नई दिल्ली, 31 अगस्त।
ग्लोबल बाजारों से सप्ताह की शुरुआत में कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए और डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज दबाव में कारोबार करता नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजारों ने पिछले सत्र में मजबूती दिखाई थी। एशियाई बाजारों में आज ज्यादातर जगह बिकवाली हावी है।
अमेरिका में ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी की आशंका के कारण वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक दबाव में रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.25 प्रतिशत गिरकर 7,711.76 अंक पर बंद हुआ। नैस्डेक भी 138.93 अंक यानी 0.52 प्रतिशत टूटकर 26,402.42 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज भी कमजोरी बनी हुई है। यह 150.22 अंक यानी 0.28 प्रतिशत गिरकर 53,409.77 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजारों में पिछले सत्र के दौरान सकारात्मक माहौल रहा। एफटीएसई इंडेक्स में कोई बदलाव नहीं हुआ। सीएसी इंडेक्स 0.97 प्रतिशत चढ़कर 8,401.18 अंक पर बंद हुआ। डीएएक्स इंडेक्स भी 202.75 अंक यानी 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,569.99 अंक पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों में आज बिकवाली का दबाव अधिक दिखाई दे रहा है। नौ प्रमुख बाजारों में से सात सूचकांक लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो बाजारों में तेजी बनी हुई है। स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.44 प्रतिशत बढ़कर 5,724.79 अंक पर पहुंच गया है।
सेट कंपोजिट इंडेक्स भी 0.21 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,591.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 103 अंक यानी 0.42 प्रतिशत गिरकर 24,209 अंक तक आ गया है।
जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.40 प्रतिशत टूटकर 6,492.16 अंक पर पहुंच गया है। कोस्पी इंडेक्स में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है और यह 90.74 अंक यानी 1.34 प्रतिशत फिसलकर 6,698.14 अंक तक गिर गया है।
ताइवान वेटेड इंडेक्स भी भारी दबाव में है। यह 612.63 अंक यानी 1.32 प्रतिशत टूटकर 45,718.82 अंक के स्तर पर आ गया है। निक्केई इंडेक्स 730.56 अंक यानी 1.10 प्रतिशत गिरकर 65,675 अंक पर कारोबार कर रहा है।
हैंग सेंग इंडेक्स 170.79 अंक यानी 0.67 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,414 अंक पर पहुंच गया है। शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 3,944.46 अंक के स्तर पर कारोबार करता नजर आ रहा है।















