गुवाहाटी, 31 अगस्त।
असम के कछार जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन से 80 हजार याबा टैबलेट जब्त की हैं। पुलिस को ये टैबलेट वाहन में बनाए गए एक गुप्त चैंबर से मिलीं। बरामद खेप की अनुमानित कीमत करीब 16 करोड़ रुपये बताई गई है।
इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस की इस कार्रवाई की जानकारी साझा की और असम पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी मात्रा में मादक पदार्थों की खेप को सड़कों तक पहुंचने से पहले ही पकड़ लिया गया। उन्होंने इस कार्रवाई को राज्य में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता बताया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि याबा टैबलेट की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान तक पहुंचाने की तैयारी थी। मामले में आगे की जांच जारी है।















