सोनापुर, 31 अगस्त।
असम के सोनापुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। रविवार रात ट्रैवलर बस और मालवाहक ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों ने घटनास्थल पर ही जान गंवा दी थी। इलाज के दौरान दो और घायलों की मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों में तीन शव गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रखे गए हैं। तीन शव सोनापुर अस्पताल में रखे गए हैं, जबकि एक शव कोस्मो अस्पताल में रखा गया है।
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना खेेत्री थाना क्षेत्र में मयहांग और भूरागांव के बीच तेतेलिया के पास हुई। नगांव से गुवाहाटी जा रही ट्रैवलर बस डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे मालवाहक ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैवलर बस का एक टायर सड़क के गड्ढे में पड़ने के बाद फट गया था। इसके बाद बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस डिवाइडर पार करते हुए विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से जा टकराई।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।















