शिवपुरी, 31 अगस्त।
पिछोर विधानसभा क्षेत्र को सोमवार को स्वास्थ्य, बिजली और प्रशासनिक सुविधाओं के क्षेत्र में कई नई सौगातें मिलीं। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अछरौनी में आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चमरौआ और पिपरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों तथा बामौरकलां में नवनिर्मित उप तहसील भवन का लोकार्पण किया।
अछरौनी में लगभग 1.80 करोड़ रुपये की लागत से बने आयुष्मान आरोग्य मंदिर से चार उपस्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े करीब 20 गांवों की 30 हजार से अधिक आबादी को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। यहां 299 प्रकार की दवाइयों के साथ 80 प्रकार की जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चमरौआ में 1.95 करोड़ रुपये और पिपरा में 1.46 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत उपकेंद्र तैयार किए गए हैं। इन उपकेंद्रों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों को अधिक सुचारु तथा विश्वसनीय बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
बामौरकलां में करीब 1.24 करोड़ रुपये की लागत से बने उप तहसील भवन के शुरू होने से आसपास के 70 गांवों के लोगों को राजस्व और प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को पूरा किया गया है।
सिंधिया ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास की सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने पिछोर में निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय अस्पताल का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का काम लगातार जारी है और आने वाले समय में भी विकास की नई सुविधाएं मिलती रहेंगी।
पिछोर विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि क्षेत्र में विकास की तस्वीर तेजी से बदल रही है। केंद्रीय विद्यालय, नए विद्युत उपकेंद्र, अरबों रुपये की नहर परियोजना और युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाला मूंगफली प्रोजेक्ट पिछोर के विकास को नई दिशा देने वाले कार्य हैं।
कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक यागचेंन डोलकर भूटिया, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, पूर्व विधायक भैया साहब लोधी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषिश्वर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र, 5 रुपये में विद्युत कनेक्शन योजना के पत्र सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया।















