नई दिल्ली, 31 अगस्त।
भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर कर्मचारियों के प्रति दमनकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि भगवंत मान सरकार कर्मचारियों की मांगों को दबाने के लिए कार्रवाई की नीति अपना रही है।
पार्टी मुख्यालय में सोमवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाटिया ने कहा कि पंजाब के सरकारी कर्मचारी, संविदा कर्मचारी और पेंशनर नियमितीकरण, महंगाई भत्ता तथा पुरानी पेंशन योजना जैसी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा है कि हड़ताल समाप्त होने तक कर्मचारियों से बातचीत नहीं की जाएगी।
भाटिया ने 29 अगस्त के सरकारी आदेश का हवाला देते हुए कहा कि हड़ताल में शामिल कर्मचारियों की सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई है। उन्होंने इसे लेकर पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र में कर्मचारियों को अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करने का अधिकार है।
उन्होंने मुख्यमंत्री मान से कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा करने की गारंटी पर सवाल उठाया। भाजपा प्रवक्ता ने पूछा कि राज्य सरकार के पास पुरानी पेंशन योजना लागू करने की क्या योजना है और कर्मचारियों को लंबित महंगाई भत्ता कब तक दिया जाएगा।
भाटिया ने शिक्षकों के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब के सरकारी कर्मचारियों की मांगों और उनके साथ कथित रूप से हो रहे व्यवहार के मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से जुड़े दलित विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि खरगे ने कुछ तथ्यों के आधार पर अपने अपमान की बात कही, लेकिन इस मुद्दे पर तीन सप्ताह तक चुप्पी बनाए रखी।
भाटिया ने कांग्रेस नेता उदित राज के बयानों का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में गांधी परिवार के बाहर के नेताओं को उचित सम्मान नहीं मिलता।
आगामी चुनावों का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का आरोप भी लगाया।















