नई दिल्ली, 31 अगस्त।
केंद्र सरकार मंगलवार को दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में समावेश उत्सव आयोजित करेगी। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 700 सामुदायिक नेताओं, कारीगरों और लाभार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अनुसार मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत विकास और कल्याण बोर्ड इस आयोजन का संचालन करेगा। कार्यक्रम का उद्देश्य गैर-अधिसूचित, खानाबदोश और अर्ध-खानाबदोश समुदायों के समावेशन, सशक्तिकरण और विकास को प्रोत्साहित करना है।
समावेश उत्सव में डीएनटी समुदायों के कारीगरों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। भारत-तुलिप हेरिटेज स्टोर के माध्यम से पारंपरिक शिल्प और उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित सीड योजना से जुड़े सफलता के उदाहरणों के साथ केंद्र सरकार की अन्य कल्याणकारी पहलों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा के साथ विकास और कल्याण बोर्ड के वरिष्ठ प्रतिनिधि भरतभाई बाबूभाई पटनी और प्रवीण शिवाजीराव घुगे सहित अन्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने गैर-अधिसूचित, खानाबदोश और अर्ध-खानाबदोश समुदायों के कल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन के लिए 21 फरवरी 2019 को विकास और कल्याण बोर्ड का गठन किया था। इन समुदायों के समग्र विकास के उद्देश्य से शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और आवास जैसे क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए सीड योजना भी शुरू की गई।
वर्तमान में यह योजना गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश सहित आठ राज्यों में लागू की जा रही है। इन राज्यों में संबंधित सरकारों द्वारा डीएनटी प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं।















