मुंबई, 01 सितंबर।
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित एक्शन ड्रामा फिल्म 'मैसा' की रिलीज तारीख का ऐलान कर दिया गया है। रविंद्र पुल्ले के निर्देशन में बनी यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में पहुंचेगी।
भारत की शुरुआती महिला प्रधान पैन-इंडिया फिल्मों में शामिल बताई जा रही इस फिल्म को लेकर दर्शकों में खास उत्सुकता है। अब तक सामने आए रश्मिका के अलग-अलग लुक पोस्टर्स ने भी फिल्म की चर्चा को तेज कर दिया है।
पोस्टर्स में रश्मिका का इंटेंस और बदला हुआ अंदाज देखने को मिला है। बताया जा रहा है कि 'मैसा' में वह एक बेहद दमदार और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाती नजर आएंगी, जो उनके पहले के किरदारों से काफी अलग होगा।
इस फिल्म के माध्यम से रश्मिका पहली बार इतने बड़े स्तर पर एक्शन और इंटेंस भूमिका में दिखाई देंगी। अनफॉर्मुला फिल्म्स के प्रोडक्शन में तैयार यह फिल्म एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर है।
फिल्म की कहानी आदिवासी इलाकों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें रोमांचक एक्शन के साथ भावनात्मक कहानी और बड़े स्तर पर तैयार किए गए विजुअल्स भी देखने को मिलेंगे।
रश्मिका ने सोशल मीडिया पर अपने किरदार की झलक साझा करते हुए फिल्म की रिलीज तारीख की जानकारी दी। उनका दमदार और बदला हुआ लुक पहले ही दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर चुका है।
'मैसा' के जरिए मेकर्स महिला केंद्रित कहानी को पैन-इंडिया स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। अब 27 नवंबर को रिलीज होने वाली इस फिल्म में रश्मिका का नया अवतार दर्शकों को कितना प्रभावित करता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।















