कुशीनगर, 01 सितंबर।
नेपाल में आई भीषण बाढ़ का असर अब उत्तर प्रदेश के कुशीनगर तक दिखाई दे रहा है। नेपाल से होकर आने वाली गंडक नदी से अज्ञात शवों के मिलने का सिलसिला जारी है और अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं।
कुशीनगर प्रशासन की ओर से नेपाल को दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद शवों में छह पुरुष और सात महिलाएं शामिल हैं। सभी शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
नदी से निकाले गए छह शव कुशीनगर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में रखे गए हैं। वहां जगह कम होने के कारण शेष सात शवों को गोरखपुर स्थित एम्स भेजा गया है।
गंडक नदी में आगे भी शव मिलने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार नदी में खोज और बचाव अभियान चला रही हैं।
कुशीनगर की प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने बताया कि शवों से संबंधित सभी निर्धारित कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उन्हें नेपाल को सौंप दिया जाएगा।
नेपाल से भारत आने वाले और अपने लापता परिजनों की तलाश में कुशीनगर पहुंच रहे नेपाली नागरिकों की सहायता के लिए जिला प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है।















