नई दिल्ली, 01 सितंबर।
भारत और जर्मनी के बीच पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से चौथा भारत-जर्मन पर्यावरण मंच मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित होगा।
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव और जर्मनी के पर्यावरण, जलवायु संरक्षण, प्रकृति संरक्षण एवं परमाणु सुरक्षा मंत्री कार्स्टन श्नाइडर संयुक्त रूप से इस मंच की अध्यक्षता करेंगे।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण और जलवायु नीति से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर दोनों देशों के बीच चर्चा होगी। इसका उद्देश्य आपसी सहयोग को और मजबूत करना, अनुभवों का आदान-प्रदान करना तथा व्यावहारिक स्तर पर साझेदारी को आगे बढ़ाना है।
यह मंच दोनों देशों के नीति निर्माताओं, निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों, विचार समूहों और अन्य प्रमुख हितधारकों को पर्यावरण एवं जलवायु सहयोग से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर प्रदान करेगा।















