नई दिल्ली, 01 सितंबर।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की सकल घरेलू उत्पाद वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने पर भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘मृत अर्थव्यवस्था’ बताने वाले राहुल गांधी को अपनी गलतबयानी के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा ने कहा कि वैश्विक संकट और आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की मजबूत विकास दर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और सरकार की आर्थिक नीतियों का परिणाम है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिस तिमाही में खाड़ी संकट, तेल आपूर्ति से जुड़ी चुनौतियां और वैश्विक अनिश्चितता बनी रही, उसी अवधि में भारत ने 7.8 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर्ज की।
उन्होंने विभिन्न देशों की आर्थिक विकास दर के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसी अवधि में जर्मनी की विकास दर 1 प्रतिशत रही। ब्रिटेन और अमेरिका में यह 2.1 प्रतिशत, कनाडा में 1.5 प्रतिशत और मलेशिया में 6 प्रतिशत दर्ज की गई।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ये आंकड़े वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत के बेहतर प्रदर्शन को दर्शाते हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, वित्त मंत्रालय के प्रबंधन और सरकार की आर्थिक नीतियों की सराहना की।
राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘मृत अर्थव्यवस्था’ बताया था, लेकिन 7.8 प्रतिशत की विकास दर उनके दावों का जवाब है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार देश की अर्थव्यवस्था को लेकर गलत बयानबाजी कर लोगों का मनोबल गिराने का प्रयास करते हैं। पार्टी ने कहा कि उन्हें अपनी टिप्पणी के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि वर्ष 2013 में भारत की अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ और ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ जैसी चुनौतियों से जोड़कर देखा जाता था, लेकिन आज देश 7.8 प्रतिशत की विकास दर के साथ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि विनिर्माण, व्यापार, सेवा और निर्माण क्षेत्रों के बेहतर प्रदर्शन के साथ सरकार की आर्थिक नीतियों ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।















