भोपाल, 1 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवधि में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए अभियान संचालित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. यादव ने अप्रैल से जून 2026 की तिमाही में देश की जीडीपी वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रहने पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष इसी अवधि में विकास दर 6.9 प्रतिशत थी और प्रधानमंत्री की नीतियों के परिणामस्वरूप देश विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से प्रगति कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए चल रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सांस्कृतिक उत्थान और धार्मिक पर्यटन की दृष्टि के अनुरूप मध्य प्रदेश में गौरवशाली परंपराओं तथा ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रदेश में इस दिशा में 243 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न संरक्षण और विकास कार्य जारी हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से धार्मिक पर्यटन को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जन-विश्वास अभियान की प्रगति पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि 7 अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान 'न देरी, न दूरी' के सिद्धांत के साथ सुशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रयास बन रहा है।
डॉ. यादव अब तक छिंदवाड़ा, बड़वानी, टीकमगढ़ और बालाघाट का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने मंत्रियों से अभियान के दौरान निरंतर भ्रमण करने, योजनाओं और विकास गतिविधियों की निगरानी करने तथा विभिन्न समुदायों के साथ संवाद बनाए रखने का आग्रह किया।















