लंदन, 01 सितंबर।
ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री केयर स्टार्मर ने संसद की सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही उनका 11 वर्षों का संसदीय सफर समाप्त होने जा रहा है। स्टार्मर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के स्थानीय समाचार पत्र से बातचीत में कहा कि हाउस ऑफ कॉमन्स से विदा लेने का यही सही समय है।
केयर स्टार्मर वर्ष 2015 में पहली बार सांसद चुने गए थे। राजनीति में आने से पहले वह देश के सार्वजनिक अभियोजन विभाग के प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके थे। वर्ष 2020 में उन्होंने लेबर पार्टी का नेतृत्व संभाला और 2024 के आम चुनाव में पार्टी को बड़ी जीत दिलाने के बाद प्रधानमंत्री बने।
प्रधानमंत्री पद पर रहने के दौरान जनसमर्थन और अपनी पार्टी के भीतर समर्थन कमजोर पड़ने के बाद स्टार्मर ने इस वर्ष प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद एंडी बर्नहैम ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री का पद संभाला।
संसद से विदाई के फैसले पर स्टार्मर ने कहा कि अपने निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बड़े सम्मान की बात रही है। अब वह तेजी से बदलती दुनिया में अंतरराष्ट्रीय मामलों, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी से जुड़े विषयों पर अपना ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने महिलाओं और लड़कियों के विरुद्ध हिंसा रोकने के लिए अपने प्रयास जारी रखने की बात भी कही है।
प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को लेकर स्टार्मर का कहना है कि उनकी सरकार ने अर्थव्यवस्था को स्थिर करने, सार्वजनिक सेवाओं को मजबूत बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन की स्थिति सुदृढ़ करने की दिशा में काम किया। संसद छोड़ने के उनके निर्णय से उनके घरेलू राजनीतिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो रहा है।















